Advertisement

देहरादून जिले में रेड अलर्ट :  भारी से अत्यधिक भारी बारिश के चलते 10 जुलाई को जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद


देहरादून, 9 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) एवं नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर जनपद देहरादून में शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। संभावित मौसमीय आपदा को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्र 10 जुलाई को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित विभागों को आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *