ऋषिकेश, 14 जुलाई। चन्द्रभागा पुल पर सोमवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई की रात करीब 10:17 बजे स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि चन्द्रभागा पुल के बीच एक स्कूटी किसी अज्ञात वाहन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मूर्ति राम नौटियाल (40 वर्ष) पुत्र रामदयाल नौटियाल निवासी ग्राम जोगत, थाना धरासू, जनपद उत्तरकाशी तथा वर्तमान में ढालवाला, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पूजा-पाठ का कार्य करते थे और ढालवाला में किराये के मकान में रह रहे थे।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी संख्या UK08BJ7547 तथा मृतक के पास से प्राप्त सामान को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली ऋषिकेश में सुरक्षित रख लिया गया है।
इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
चन्द्रभागा पुल पर दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूटी चालक की मौत













Leave a Reply