Advertisement

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस पर मेधावियों का सम्मान, छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का लिया संकल्प


ऋषिकेश, 15 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय छात्र दिवस के अवसर पर विद्या मंदिर आवास विकास, ऋषिकेश में विचार गोष्ठी एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं ऋषिकेश की निवर्तमान मेयर अनिता ममगाई ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और उनके संस्कार, शिक्षा तथा समर्पण से देश का भविष्य तय होता है। उन्होंने परिषद द्वारा युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि एवं प्रधानाचार्य श्री उमाकांत पंत ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर प्रयास ही लक्ष्य तक पहुंचाता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक आर्यन नामदेव एवं जिला संगठन मंत्री  मनु प्रताप सिंह ने संगठन की 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, छात्र हितों के लिए किए गए आंदोलनों तथा राष्ट्र निर्माण में परिषद की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिषद अपने मूल मंत्र ‘ज्ञान, शील और एकता’ के आधार पर छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सम्मान समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *