Advertisement

हरेला पर्व पर गूंजा हरियाली का संदेश, अनिता ममगाई सहित संघ पदाधिकारियों ने किया पौधरोपण


ऋषिकेश 16 जुलाई । उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर ऋषिकेश में संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। पारंपरिक लोक संस्कृति के अनुरूप पौधों का विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक नरेश, सह विभाग कार्यवाह मनोज, विद्या भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम ममगाई तथा ऋषिकेश की निवर्तमान मेयर श्रीमती अनिता ममगाई ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। इस दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “पर्यावरण है तो जीवन है” के संकल्प के साथ नीम, पीपल, बरगद, आम, जामुन सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर निवर्तमान मेयर श्रीमती अनिता ममगाई ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित भारत के संकल्प को हरेला जैसे लोकपर्व और अधिक सशक्त बनाते हैं तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं।
जिला प्रचारक नरेश ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रधर्म भी है। उन्होंने कहा कि संघ का स्वयंसेवक पर्यावरण को अपनी माता मानकर उसकी सेवा करता है।
सह विभाग कार्यवाह मनोज ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
वहीं विद्या भारती जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम ममगाई ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में हरेला पर्व के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों की शिक्षा भी दी जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *