Advertisement

गंगा के तेज बहाव में बहा भेलपुरी विक्रेता, एस डी आर एफ और जल पुलिस ने बचाई जान


ऋषिकेश, 20 जुलाई। गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर पशुलोक बैराज के निकट एक टापू पर दलदल में फंसे व्यक्ति को एस डी आर एफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रविवार को जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पशुलोक बैराज से पहले गंगा नदी के बीच बने एक टापू पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है और हाथ हिलाकर मदद की गुहार लगा रहा है। सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात एस डी आर एफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल की टीम तत्काल सक्रिय हुई और राफ्ट के माध्यम से घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि व्यक्ति टापू के दलदली हिस्से में बुरी तरह फंसा हुआ था और स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ था। रेस्क्यू टीम ने पूरी सतर्कता और कुशलता के साथ अभियान चलाते हुए उसे दलदल से सुरक्षित बाहर निकाला तथा राफ्ट के जरिए किनारे तक पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि उक्त व्यक्ति रामझूला क्षेत्र में गंगा किनारे मौजूद था, जहां पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया। गंगा के तेज बहाव में बहते हुए वह पशुलोक बैराज से पहले बने टापू तक पहुंच गया और वहां दलदल में फंस गया। इस दौरान घाट पर घूम रहे पर्यटकों ने उसे मदद के लिए संकेत करते देखा और तत्काल जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी।
रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान विनोद सिंह (50 वर्ष) पुत्र तेज बहादुर, निवासी शीशम झाड़ी, मुनि की रेती के रूप में हुई है। विनोद सिंह ने बताया कि वह परमार्थ निकेतन के समीप भेलपुरी का ठेला लगाते हैं। रामझूला क्षेत्र में उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गंगा में गिर गए और बहते हुए टापू तक पहुंच गए।
रेस्क्यू के बाद एस डी आर एफ, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए एम्स चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहां से प्राथमिक उपचार हेतु उन्हें सरकारी अस्पताल भेजा गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *