Advertisement

सेल्फी लेने के दौरान गहरी खाई में गिरा युवक,


ऋषिकेश, 21 जुलाई। देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे बने सेल्फी प्वाइंट पर मंगलवार को एक युवक संतुलन बिगड़ने से गहरी खा में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ऋषिकेश कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक युवक सड़क किनारे स्थित क्षेत्र में संतुलन खोकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना पर बचाव टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और सावधानीपूर्वक उसे स्ट्रेचर की सहायता से बाहर निकाला। इसके बाद नदी मार्ग से युवक को एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
घायल युवक की पहचान मोहित आर्या (20 वर्ष) पुत्र प्रदीप आर्या, निवासी बेतालघाट, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। इसी दौरान खाई के निकट संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
घटना के बाद नागरिकों और पर्यटकों से विशेषकर बरसात के मौसम में पर्यटन स्थलों, सेल्फी प्वाइंट और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि वर्षा के दौरान चट्टानें, ढलान और पगडंडियां फिसलनयुक्त हो जाती हैं तथा झाड़ियों के कारण वास्तविक भू-स्थिति का सही अनुमान नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए जोखिम उठाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचना चाहिए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *