Advertisement

श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा तोहफा: पांच नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू, मेडिकल मोबाइल वैन को दिखाई हरी झंडी


देहरादून, 24 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पांच नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को शैक्षणिक सामग्री तथा मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के जरिए श्रमिक परिवारों को हाइजीन किट उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के अंतर्गत श्रमिक परिवारों के पात्र बच्चों को योग एवं वेलनेस का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष 210 बच्चों को प्रशिक्षण मिलेगा तथा तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर श्रमिकों को उनके कार्यस्थल एवं आवास पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और जांच के बाद तीन माह तक स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत जनपद से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं बल्कि उत्तराखण्ड की विकासशक्ति मानती है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के साथ ही घर बनाने अथवा खरीदने के लिए आर्थिक सहायता तथा वृद्ध निर्माण श्रमिकों को मासिक पेंशन देकर उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सम्मान प्रदान कर रही है।

कार्यक्रम में भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की गतिविधियों एवं नई योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरिया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह तथा सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *