देहरादून 25 अगस्त ।प्रदेश के युवाओं को उत्तराखण्ड के विकास की दिशा तय करने में सहभागी बनाने की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिला है। राज्य की कक्षा 11वीं और 12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार एवं विजन साझा करते हुए निबंध मुख्यमंत्री को भेजे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से 24 अगस्त तक अपने विचार पोर्टल पर अपलोड करने का आह्वान किया था। पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कक्षा 11वीं और 12वीं में सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में कुल 2,96,426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
पांच जिलों में शत-प्रतिशत भागीदारी
अभियान में रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली जिलों के कक्षा 11वीं और 12वीं के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने निबंध पोर्टल पर अपलोड किए। वहीं पौड़ी में 98.82 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 97.46 प्रतिशत, हरिद्वार में 91.77 प्रतिशत, टिहरी में 91.57 प्रतिशत, बागेश्वर में 89.26 प्रतिशत, नैनीताल में 85.89 प्रतिशत और उत्तरकाशी में 84.93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अभियान में भागीदारी की।
देहरादून जिले में कक्षा 11वीं और 12वीं के कुल 63,666 विद्यार्थियों में से 47,358 ने अपने निबंध प्रस्तुत किए।
16 सितंबर को घोषित होंगे परिणाम
अब प्राप्त निबंधों और विद्यार्थियों के विचारों का मुख्यमंत्री के साथ विशेषज्ञों की टीम द्वारा अवलोकन एवं मूल्यांकन किया जा रहा है। अभियान के तहत श्रेष्ठ 140 विचारों का चयन किया जाएगा और इनके परिणाम 16 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री स्वयं भी इन विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विजन, अनुभवों और सुझावों को सुनेंगे।
श्रेष्ठ विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग सहित अन्य प्रोत्साहन एवं पुरस्कार भी दिए जाएंगे। वहीं पोर्टल पर निबंध जमा करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने कहा कि नई पीढ़ी को सीधे राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से जोड़ने की यह अभिनव पहल है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थी केवल उत्तराखण्ड का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार आज के उत्तराखण्ड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ के माध्यम से नई पीढ़ी की सोच को सुना जा रहा है और युवाओं के अच्छे एवं व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं जिस उत्तराखण्ड का सपना देख रहे हैं, उसे साकार करने में उन्हें भी सहभागी बनाया जाएगा।
मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ को युवाओं का जबरदस्त समर्थन, 2.67 लाख विद्यार्थियों ने साझा किया अपना विजन













Leave a Reply