Advertisement

भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन,   सैकड़ों कार्यकर्ता ऋषिकेश से मुख्यमंत्री आवास हुए रवाना


ऋषिकेश 07 सितंबर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा घटना को जायज ठहराए जाने तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में सोमवार को ऋषिकेश से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता देहरादून रवाना हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास घेराव में शामिल होकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया।
महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, प्रदेश महासचिव जयेन्द्र रमोला और प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का काफिला देहरादून के लिए रवाना हुआ। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, प्रदेश महासचिव दीप शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के सहयोग से कार्यकर्ता पांच बसों, एक टेम्पो ट्रैवलर और करीब 40 कारों में देहरादून पहुंचे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे के कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल का कथित शुद्धिकरण किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इस घटना को उचित ठहराया जाना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है। नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों को इस तरह की मानसिकता के जरिए व्यक्त किया जाना उचित है।
कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने को भी राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की आवाज लगातार उठा रहे हैं और उनकी आवाज दबाने के लिए मुकदमों का सहारा लिया जा रहा है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने या दबने वाले नहीं हैं। विपक्ष की आवाज दबाने के किसी भी प्रयास का सड़क से सदन तक विरोध किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास घेराव के माध्यम से सरकार को संदेश दिया जाएगा कि लोकतंत्र में असहमति और विपक्ष की आवाज का सम्मान किया जाना चाहिए।
प्रदेश महासचिव जयेन्द्र रमोला और प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार को जनहित के मुद्दों के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं पर भी जवाब देना होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज को मजबूती से उठाते रहेंगे।
देहरादून कूच के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
 इस दौरान वैशाख सिंह पायल, जयपाल सिंह पयाल, प्यारेलाल जुगरान, देवेंद्र प्रजापति, भगवान सिंह पंवार, ऋषि सिंघल, बृजभूषण बहुगुणा, रुकम पोखरियाल, भूपेंद्र राणा, अशोक शर्मा, राजेंद्र गैरोला, सूरज भट्ट, पुष्पा मिश्रा, मधु मिश्रा, गौरव राणा, मधु जोशी, सरोजिनी थपलियाल, उमा ओबरॉय, धर्मेंद्र गुलियाल, रामकुमार भतालिए, राकेश वर्मा, बप्पी अधिकारी, अनिल गुप्ता, रजनीकांत रंजन, दिनेश रांगण, अर्जुन राणा, सुरेश साहनी, अमिताभ प्रसाद, काशीनाथ, लव कुश, मानव रावत, हिमांशु कश्यप, विजेंद्र, राजकुमार, राम और गुड्डू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए देहरादून की ओर कूच किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *