

ऋषिकेश, 9 अक्टूबर। ऋषिकेश पुलिस ने श्यामपुर के खदरी क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन छीनने की घटना का खुलासा करते हुए दिल्ली निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला की छीनी गई पीली धातु की टूटी हुई डिजाइनदार चेन बरामद की है।
वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जो जांच में हरिद्वार से चोरी की निकली। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, खदरी खड़क माफ, श्यामपुर निवासी इंदु चंदोला ने 30 सितंबर को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर की सुबह करीब सात बजे वह अपनी पुत्री के साथ श्रीनगर जाने के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान खदरी रोड पर कुल्स जिम से पहले मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके गले से चेन छीनकर श्यामपुर फाटक की ओर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। आठ अक्टूबर को श्यामपुर चौकी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को गढ़ी मयचक से टी-पॉइंट होते हुए निर्मल आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान शिवा परमार (32), निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके लोअर की दाहिनी जेब से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में रखी पीली धातु की टूटी हुई डिजाइनदार चेन बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 30 सितंबर को उसने अपने साथी दिनेश, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के साथ मिलकर महिला की चेन छीनी थी। वारदात के समय वह मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि उसका साथी पीछे बैठा था।
पुलिस ने आरोपी के हुलिये का घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया। इसके बाद पीड़िता को मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने आरोपी की पहचान की। पीड़िता ने बरामद चेन को भी अपनी छीनी गई चेन बताया।
हरिद्वार से चोरी की गई थी मोटरसाइकिल
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल की जांच की तो उसकी आगे और पीछे की नंबर प्लेट मुड़ी हुई मिली। नंबर प्लेट सीधी करने पर वाहन का पंजीकरण नंबर UK08AZ-7054 सामने आया। यह काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल है। पुलिस ने हरिद्वार कोतवाली से जानकारी जुटाई तो पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 30 सितंबर को हरिद्वार के मेला अस्पताल के पास से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।














Leave a Reply