ऋषिकेश/ टिहरी, 23 फरवरी । जनपद टिहरी गढ़वाल के तोताघाटी क्षेत्र में एक ट्रक भूस्खलन की चपेट में आ गया परिणाम स्वरूप चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
एसडीआरएफ प्रभारी कविंद्र सजवान ने बताया कि सोमवार तड़के हुए भूस्खलन की घटना में एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा प्रातः लगभग 03:05 बजे उस समय हुआ, जब तोताघाटी के पास अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर ट्रक के ऊपर आ गिरे। घटना के बाद मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि ट्रक का केबिन पूरी तरह मलबे में दबा हुआ था और उसमें चालक के फंसे होने की आशंका थी।
कड़ी मशक्कत और जोखिमपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ टीम ने ट्रक के केबिन से एक शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष), पुत्र श्री दुर्गा लाल, निवासी घुट्टियानी, जनपद चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है।
घटना के बाद मार्ग पर यातायात लंबे समय तक बाधित रहा, जिसे बाद में मलबा हटाकर आंशिक रूप से बहाल किया गया।
बरामद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
बताते चले तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील रहा है, विशेषकर बारिश और ठंड के मौसम में यहां खतरा अधिक बढ़ जाता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक यात्रा करें और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर पर निकलें।














Leave a Reply