जल संस्थान की महिला कर्मचारियों से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा; आरोपी के खिलाफ एफआईआर की मांग


ऋषिकेश 29 मार्च। उत्तराखंड जल संस्थान के ऋषिकेश स्थित कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जलकल अभियंता द्वारा कोतवाली ऋषिकेश को पत्र भेजकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जलकल अभियंता, उत्तराखंड जल संस्थान, डीएनबीआर रोड ऋषिकेश कार्यालय से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक कु. जहान्वी पुरोहित तथा डीईओ कु. सीमा नेगी द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए उपभोक्ताओं से संपर्क कर राजस्व वसूली का कार्य किया जा रहा था।
दिनांक 28 मार्च 2026 को दोनों कर्मचारी  नरेन्द्र काण्डपाल के साथ उपभोक्ता  पप्पू /  तुलाराम, निवासी ग्राम ऋषिकेश के यहां राजस्व वसूली के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उपभोक्ता के घर पर मौजूद एक व्यक्ति ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई करने का प्रयास भी किया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्थिति को गंभीर देखते हुए कु. सीमा नेगी ने सहकर्मी कु. जहान्वी पुरोहित की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए, जिससे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सका। घटना के संबंध में एक वीडियो क्लिप भी उपलब्ध कराई गई है, जिसे पुलिस को जांच के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
जलकल अभियंता ने अपने पत्र में पुलिस से अनुरोध किया है कि उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस घटना के बाद जल संस्थान के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने भी प्रशासन से दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्य के दौरान महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इस पर सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *