ऋषिकेश में अवैध घुसपैठ का खुलासा, बांग्लादेशी महिला फर्जी दस्तावेजों सहित गिरफ्तार


ऋषिकेश, 15 अप्रैल। ऋषिकेश में अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। महिला के कब्जे से फर्जी भारतीय दस्तावेजों समेत कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए हैं, जिससे अवैध घुसपैठ और पहचान छुपाने के संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) ऋषिकेश को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी महिला अवैध रूप से क्षेत्र में निवास कर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर तलाश अभियान शुरू किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस और LIU की टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान नटराज चौक क्षेत्र में डग रोड स्थित गेट नंबर-03 के पास मुखबिर की सटीक सूचना पर संदिग्ध महिला को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार महिला ने अपना नाम रीना उर्फ रीता (24 वर्ष), निवासी जिला सरियातपुर, ढाका (बांग्लादेश) बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह लगभग एक माह पूर्व “रिपोन” नामक व्यक्ति के माध्यम से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर यहां रह रही थी। आरोपी ने बताया कि उसे सोशल मीडिया के जरिए संपर्क कर भारत में रोजगार दिलाने का झांसा दिया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि महिला को 13 अप्रैल 2026 को दिल्ली से ऋषिकेश आने के लिए बस टिकट उपलब्ध कराया गया था। साथ ही उसने पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेज तैयार कर आधार कार्ड बनवाया था, जिसका उपयोग वह अपनी पहचान छुपाने के लिए कर रही थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, फर्जी भारतीय आधार कार्ड, बांग्लादेश नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में  पासपोर्ट अधिनियम ,विदेशी/आव्रजन अधिनियम तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक अरविंद पंवार, LIU के हेड कांस्टेबल अंकुर कुमार व विचित्र वत्स सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *