Advertisement

नाबालिग से छेड़छाड़, अपहरण की कोशिश और जान से मारने की धमकी में मोहम्मद रिहान गिरफ्तार, पोक्सो के अंतर्गत किया मुकदमा दर्ज 


ऋषिकेश 21 अप्रैल । ऋषिकेश से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़, पीछा करने और बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पर पोक्सो एक्ट की कड़ी धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को 14 बीघा क्षेत्र की निवासी महिला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई कि पड़ोस में रहने वाला युवक रेहान उसकी नाबालिग बेटी का लगातार पीछा कर रहा था। आरोपी न केवल उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था, बल्कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 149/2026 के तहत धारा 78/351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 11/12 पोक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मोहम्मद रिहान (19 वर्ष), निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में धारा 65(2) BNS तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद आरोपी को विधिक प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *