Advertisement

भूमि धोखाधड़ी मामले में पार्षद गिरफ्तार,  पुलिस ने की कार्रवाई तेज


देहरादून 24 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने संगठित भूमि धोखाधड़ी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पार्षद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से जमीनी धोखाधड़ी के नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल था।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के मास्टरमाइंड प्रदीप सकलानी को एक दिन पूर्व गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। पूछताछ के दौरान प्रदीप सकलानी ने अपने कई सहयोगियों और संदिग्ध व्यक्तियों के नामों का खुलासा किया था, जिसके बाद मामले की जांच को और व्यापक रूप दिया गया।

खुलासों के आधार पर पुलिस द्वारा विशेष जांच टीमें गठित की गईं और संदिग्धों व सहयोगियों को अलग-अलग थानों में लाकर लगातार पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान प्राप्त तथ्यों, दस्तावेजों के परीक्षण तथा तकनीकी साक्ष्यों के गहन विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आज भूमि धोखाधड़ी में संलिप्त एक सह-अभियुक्त पार्षद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई भूमि संबंधी धोखाधड़ी के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जांच के दौरान सामने आए अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है और मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

दून पुलिस का कहना है कि जनता की भूमि और संपत्ति से जुड़े अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे सफेदपोश अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *