ऋषिकेश, 28 मई। थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत सिंगटाली पुल के पास बुधवार दोपहर गंगा नदी में स्नान के दौरान मेरठ से आए एक पर्यटक दल के दो सदस्य तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सर्च अभियान जारी रखा गया, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 मई को लगभग 1:50 बजे मेरठ से आए छह लोगों का एक समूह सिंगटाली पुल के पास घूमने पहुंचा था। बताया गया कि सभी लोग नदी किनारे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष अचानक संतुलन खो बैठे और गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस एवं एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला एवं ब्यासी टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। एसडीआरएफ के डीप डाइवर लगातार नदी की गहराइयों में तलाश कर रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों लापता व्यक्तियों का पता नहीं चल पाया था।
डूबने वालों की पहचान ऋतु पत्नी वांशिक माहेश्वरी (30 वर्ष), निवासी मेरठ तथा नरेश उपाध्याय (42 वर्ष), निवासी ग्राम जागेठी, थाना काकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है।
साथियों ने बताया कि सभी लोग मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत हैं और अवकाश होने के कारण घूमने के लिए ऋषिकेश आए थे। घटना के बाद साथ आए अन्य साथियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
एसडीआरएफ ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि गंगा नदी में बिना अनुमति अथवा प्रतिबंधित घाटों पर स्नान करने से बचें। नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए केवल सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें तथा किनारों से दूर जाने का प्रयास न करें। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है, इसलिए सतर्कता और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।













Leave a Reply