ऋषिकेश 29 मई । भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार प्रातः एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक एवं झोपड़ी में रह रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि सड़क किनारे लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी ट्रक के साथ नीचे जा गिरे और सीधे झोपड़ी पर आ गिरे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक ट्रक डंपर भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार के चलते वाहन सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा। हादसे के दौरान सड़क किनारे लगे दो कंक्रीट डिवाइडर उखड़कर नीचे स्थित झोपड़ी पर जा गिरे, जिसमें रह रही महिला उसकी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रक चालक भी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस एवं एसडीआरएफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) उत्तराखंड की टीम तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ जवानों ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चालक को भी टीम के पहुंचने से पूर्व अस्पताल भेजा गया था।
मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर, हरिद्वार तथा कौशल्या पत्नी सुरेश, उम्र 42 वर्ष निवासी बावाड़ी, शिवपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
भद्रकाली तिराहे के पास दर्दनाक हादसा: डंपर खाई में गिरा, वाहन चालक समेत एक अन्य महिला की मौत













Leave a Reply