ऋषिकेश, 3 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच, आवास व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में चारधाम यात्रा के लिए बनाए गए पंजीकरण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को पंजीकरण के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी तथा समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ट्रांजिट कैंप में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुए कहा कि सभी श्रद्धालुओं का “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ स्वागत करें और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से भी मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों से आए यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित, मंगलमय एवं सुखद चारधाम यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राज्य सरकार लगातार यात्रा मार्गों, पंजीकरण केंद्रों, स्वास्थ्य सुविधाओं और ट्रांजिट कैंपों की निगरानी कर श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।














Leave a Reply