देहरादून 04 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027, नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों, सड़क एवं पेयजल परियोजनाओं, धार्मिक स्थलों के विकास, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा किसानों की आर्थिकी को मजबूत बनाने के लिए कुल ₹213 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा के अंतर्गत जनपद चमोली में नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के किमी 1 से 10 तक डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए ₹8.68 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं कुंभ मेला-2027 की पुलिस व्यवस्थाओं के लिए ₹35 करोड़ के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
सड़क एवं अवस्थापना विकास के तहत मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में बिन्दुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹3.95 करोड़, देहरादून में रिस्पना पुल (चंचल डेरी) से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलीवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए ₹3.37 करोड़, अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र में ध्याड़ी-मिरगांव-मानेश्वर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु ₹4.92 करोड़ तथा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र में ताला बरंगाली मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹3.17 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के लिए अल्मोड़ा के कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु ₹50.08 लाख, चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए ₹60 लाख तथा पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में हयों गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा चहारदीवारी एवं मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए ₹85 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
पेयजल योजनाओं के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग जनपद की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत की छेनागाड़ पेयजल योजना के लिए ₹55.22 करोड़ तथा देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप खनन, राइजिंग मेन एवं संबंधित कार्यों के लिए ₹2.22 करोड़ की मंजूरी दी है।
बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में देवलधार-माईथान-लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹8.52 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं अल्मोड़ा के द्वाराहाट क्षेत्र में राम पादुका मंदिर स्नान घाट निर्माण के लिए ₹37.60 लाख तथा सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए ₹1.25 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
हरिद्वार के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में मेवड़ नागड़ श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में फसल कृषि ऋण, वाणिज्यिक फसलों तथा सहकारी क्षेत्र की मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रावधानित ₹130 करोड़ के सापेक्ष ₹81.47 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी है।
सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में गुरुग्राम गांव में सड़क निर्माण के लिए ₹88.76 लाख तथा रंजीतनगर-सुरेन्द्रनगर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु ₹1.79 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर विकासखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखे जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, पेयजल सुविधाओं के विस्तार तथा किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹213 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी, कुंभ-2027 और नंदा देवी राजजात की तैयारियों को मिलेगा बल














Leave a Reply