भूरी माई ट्रस्ट मामले में एक्शन कमेटी गठित, सोमवार से शुरू करेगी कार्य दरगाई नाथ आश्रम मामले में भी नगर निगम को कब्जे के दिए आदेश, तीर्थ नगरी की धार्मिक संपत्तियों को खुर्द-बुर्द करने वालो पर होगा कड़ा एक्शन :महापौर


ऋषिकेश: 28 अगस्त। भूरी माई ट्रस्ट मामले में आयुक्त गढ़वाल मंडल के आदेश ने नगर निगम प्रशासन की कोशिशों को बल देने का काम किया है। भूरी माई ट्रस्ट मामले में आयुक्त ने नगर निगम प्रशासन को यह संपत्ति अपने कब्जे में लेने के आदेश जारी किए थे। जिस पर महापौर अनीता ममगाई की ओर से शनिवार को एक्शन कमेटी गठित की गई। सोमवार से कमेटी इस दिशा में काम शुरू कर देगी।

आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार की ओर से बीते शुक्रवार को ऋषिकेश के चर्चित भूरी माई ट्रस्ट मामले में बड़ा फैसला दिया था। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को ट्रस्ट की समस्त संपत्ति अपने कब्जे में लेने के आदेश जारी किए थे। इसके साथ ही इस मामले में फर्जी रसीदों के जरिए किराया वसूल करने वालों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के भी आदेश उन्होंने दिए थे।

नगर निगम की महापौर अनीता ममगाई की ओर से शनिवार की शाम अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। जिसमें उन्होंने नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल की अध्यक्षता में एक्शन कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में सहायक नगर आयुक्त आरएस रावत, अधिशासी अभियंता दिनेश प्रसाद उनियाल, कर निरीक्षक भारती और सफाई निरीक्षक संतोष गुसाईं को शामिल किया गया। महापौर ने बताया कि ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में भूरी माई ट्रस्ट की तीन संपत्तियां हैं। कई एकड़ क्षेत्र में यह संपत्तियां स्थित है। ऋषिकेश क्षेत्र में धार्मिक संपत्तियों का स्वरूप बदल कर उनका पिछले 15 वर्षों में अवैध तरीके से व्यवसायिक प्रयोग किया जा रहा है। जिसे लेकर नगर निगम न्यायालय के भीतर भी लड़ाई लड़ रहा है। तीर्थ नगरी का धार्मिक स्वरूप बचाने के लिए हमारी कोशिश सफल होती नजर आ रही है।
आयुक्त गढ़वाल मंडल का आदेश इसी सफलता का एक उदाहरण है। तत्कालीन नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल जैसे होनहार अधिकारियों की कार्य पद्धति अन्य अधिकारियों को भी अपनाने की जरूरत है।भूरी माई ट्रस्ट मामले में एक्शन कमेटी सोमवार से अपना काम शुरू कर देगी उन्होंने बताया कि आयुक्त गढ़वाल मंडल ने दरगाई नाथ आश्रम मामले में भी इस संपत्ति को नगर निगम के कब्जे में लेने के संबंध में स्पष्ट आदेश दिए हैं कि बोर्ड की मीटिंग बुलाकर उस पर निर्णय लिया जाए। अगली बोर्ड की बैठक में इस पर भी निर्णय ले लिया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *