चारधाम यात्रा से पहले NH-34 दुरुस्त करने के सख्त निर्देश, 15 अप्रैल तक उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री मार्ग पर सभी कार्य पूर्ण करने को कहा


उत्तरकाशी 27 फरवरी। आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी चारधाम यात्रा से पूर्व 15 अप्रैल 2026 तक एनएच-34 को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग से मलबा तत्काल हटाने, सभी डेंजर एवं लैंडस्लाइड जोन में आवश्यकतानुसार कटिंग कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स के माध्यम से सड़क की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के निर्देश दिए।
स्वाडी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य की समीक्षा करते हुए सचिव ने निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉन्चिंग, डैक स्लैब निर्माण एवं एप्रोच रोड का कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य सरकार का संकल्प है कि चारधाम से संबंधित सभी कार्य प्राथमिकता एवं तीव्र गति से पूरे किए जाएं।
सचिव ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। धराली क्षेत्र में पूर्व में आई भीषण दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त पैदल सेतु की मरम्मत का कार्य प्रारंभ न होने तथा धराली और हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य में देरी पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बीआरओ एवं विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले संबंधित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य पूरा कर सड़क की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान इं. रणजीत सिंह, इं. विजय कुमार, इं. नवीन लाल, इं. कैलाश चन्द्र नौटियाल, मेजर सन्तोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *