राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सजी विज्ञान प्रदर्शनी, छात्रों ने दिखाया नवाचार का कौशल


ऋषिकेश, 28 फरवरी। ऋषिकेश स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर आदर्श नगर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर एक दिवसीय “विज्ञान प्रदर्शनी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 3 से 8 तक के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान एवं तकनीक पर आधारित विभिन्न मॉडलों और प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में छात्रों ने नए-नए वैज्ञानिक आविष्कारों के मॉडल प्रस्तुत किए। विशेष रूप से वेस्ट मटेरियल से तैयार किए गए आकर्षक क्राफ्ट और उपयोगी मॉडल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।

विद्यार्थियों ने प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत और पर्यावरण संतुलन जैसे विषयों पर प्रभावी संदेश दिए। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एन. के. दुबे (अवकाश प्राप्त प्रवक्ता, राजकीय इंटर कॉलेज आगर आगरा खाल) ने छात्रों को महान वैज्ञानिक सी वी रमन के जीवन और उनके शोध कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी को सी. वी. रमन द्वारा ‘रमन प्रभाव’ की खोज की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि कु. देवेंद्र कौर (विधिक सेवा प्राधिकरण) ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना और प्रकृति के संरक्षण के लिए जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

सेवानिवृत्त विज्ञान प्रवक्ता राम आश्रय सिंह (राजकीय इंटर कॉलेज तपोवन) ने विद्यार्थियों को विज्ञान के नए-नए प्रयोगों की जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान हमारे दैनिक जीवन को सरल, सुरक्षित और उन्नत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
छात्रों का उत्साह सराहनीय
प्रदर्शनी में छात्रों ने सौर ऊर्जा मॉडल, जल चक्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली, स्मार्ट सिटी, कृषि तकनीक और स्वच्छता अभियान जैसे विषयों पर रचनात्मक प्रस्तुति दी। अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और वैज्ञानिक सोच की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरु प्रसाद उनियाल ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विज्ञान केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और समाज को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संजू शर्मा, अपर्णा रावत, निशा शर्मा, भाग सिंह, मनमोहन शाह सहित समस्त आचार्य परिवार एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *