ऋषिकेश 26 फरवरी । महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश द्वारा उपजिलाधिकारी, ऋषिकेश (जनपद देहरादून) के माध्यम से माननीय राज्यपाल महोदय को ज्ञापन प्रेषित कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर हुए कथित हमले एवं प्रदेश की कानून व्यवस्था में लापरवाही के संबंध में कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में जनपद देहरादून में एक विद्यालय का नाम परिवर्तन किए जाने को लेकर उत्पन्न विवाद के दौरान उमेश शर्मा काऊ एवं उनके समर्थकों पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय बताते हुए कहा कि यह न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा हमला है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों एवं कानून व्यवस्था को भी गंभीर रूप से आहत करता है।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकारी कार्यालय में घुसकर अधिकारियों के साथ इस प्रकार की घटना होना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। यदि जनप्रतिनिधि ही कानून को हाथ में लेंगे तो इससे आम जनता में गलत संदेश जाएगा और प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित होगी।
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से मांग की कि मामले का संज्ञान लेते हुए विधायक उमेश शर्मा काऊ एवं अन्य दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था कायम रह सके।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह एवं पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जिन पर कानून की जिम्मेदारी है, वही कानून तोड़ते नजर आ रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जब एक शिक्षा निदेशक जैसे वरिष्ठ अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाएगा तो आम जनता के बीच क्या संदेश जाएगा। यदि सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
महिला महानगर अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा एवं मधु जोशी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के संरक्षण में असामाजिक तत्वों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। विरोध करने पर युवाओं को लाठीचार्ज का सामना करना पड़ता है। उन्होंने राज्यपाल से प्रदेश की छवि को सुरक्षित रखने हेतु हस्तक्षेप करने की मांग की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा, बैसाख सिंह पयाल, राकेश अग्रवाल, ललित मोहन मिश्रा, सूरत सिंह कोहली, सुनीता बंसल, कमलेश शर्मा, पार्षद अभिनव सिंह, ऋषि सिंघल, चौधरी सुमित चौहान, शैलेंद्र सेमवाल, सपा नेता अतुल यादव, रुकम पोखरियाल, हरि सिंह नेगी, राजेंद्र कोठारी, मधु मिश्रा, गौरव यादव, भूपेंद्र राणा, अशोक शर्मा, बप्पी अधिकारी, राजेश शर्मा, बुद्धि सिंह रावत, आदित्य झा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।












Leave a Reply