26 फरवरी। आगामी रमजान और होली के मद्देनज़र प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली टिप्पणी करने के आरोप में हरिद्वार के थाना कनखल पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कनखल क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर धर्म विशेष के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने की सूचना मिली थी। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित पोस्ट की जांच शुरू की। साइबर माध्यम से आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चंचल भारद्वाज पुत्र श्याम बाबू भारद्वाज, निवासी आचार्यान मोहल्ला चौपड़, थाना कनखल, हरिद्वार बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट, अफवाह या धार्मिक टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी लगातार की जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर संयम बरतें, किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री साझा न करें तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा को बनाए रखें।












Leave a Reply