Advertisement

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹42 करोड़ की स्वीकृति दी सड़क निर्माण, मंदिर सौंदर्यीकरण, सौर ऊर्जा परियोजनाओं और आपदा प्रभावित परिवारों के लिए मिली वित्तीय मंजूरी


देहरादून 25 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण, सौर ऊर्जा परियोजनाओं, आपदा राहत तथा जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगभग ₹42 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री की ओर से जारी स्वीकृतियों में धार्मिक स्थलों के विकास, ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण, श्मशान घाट की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ की धारचूला विधानसभा के ग्राम सभा बौन स्थित श्री हयॉ गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा चहारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख की स्वीकृति दी है। वहीं विधानसभा क्षेत्र सल्ट में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु ₹50.08 लाख मंजूर किए गए हैं।
हरिद्वार जनपद की पिरान कलियर विधानसभा के मेवड़ नागड़ श्मशान घाट में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए ₹16.49 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा देहरादून जनपद में दैवीय आपदा से प्रभावित ग्राम मझाड़ा/कार्लीगाड के 14 परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में सुरक्षित रखने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.36 लाख की मंजूरी दी गई है।
उधमसिंहनगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-लालपुर मोटर मार्ग से इंदरपुर (अंबेडकर कॉलोनी) तक सड़क के पुनर्निर्माण के लिए ₹85.49 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण हेतु ₹4.38 करोड़ की मंजूरी प्रदान की गई है।
नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने शासकीय भवनों पर 5.5 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए ₹35.24 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹14.10 करोड़ जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न जनपदों के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट एवं सोलर हाईमास्ट संयंत्रों की स्थापना के लिए ₹38 करोड़ की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त में ₹15.20 करोड़ जारी किए गए हैं। उरेडा के माध्यम से शासकीय भवनों में सोलर वाटर हीटर संयंत्र स्थापित करने के लिए ₹6.76 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के रूप में ₹2.70 करोड़ जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जनपद के विकासखंड धारचूला स्थित आदि कैलाश मंदिर में बाह्य मार्गों और अन्य सुविधाओं के निर्माण के लिए ₹3.28 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की है। सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के संतुलित विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा जनसुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *