देहरादून, 26 जून। पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बीच पांवटा साहिब सीमा पर शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन निगरानी और जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ गुरुद्वारा पांवटा साहिब में सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता जारी है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है तथा प्रशासन और पुलिस की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति को पूरी तरह सामान्य बनाए रखने के प्रयास सफल होंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी कर पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति सामान्य, निहंग समुदाय से प्रशासन की सकारात्मक वार्ता जारी













Leave a Reply