Advertisement

चम्पावत को मॉडल जनपद बनाने की दिशा में बड़ा कदम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास


चम्पावत, 29 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में कुल ₹123.79 करोड़ की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की लागत से 9 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ₹349.98 लाख की लागत से निर्मित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन भी किया। इस परियोजना के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जिम कॉर्बेट से जुड़े निर्माण एवं सुधार कार्य किए गए हैं। इसके अलावा उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में प्रस्तावित सिटी सेंटर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंदिरों के पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वच्छाग्रहियों, शिक्षकों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है और चम्पावत शिक्षा, पर्यटन तथा अन्य क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़कें और भवन बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत विकसित करना है जहां युवाओं को अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापारियों को नए अवसर और प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्किंग समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा व्यापारिक भवन, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम तथा युवाओं के लिए विभिन्न सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला खेल कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। साथ ही कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” मंत्र के अनुरूप मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर एवं मां वाराही धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। वहीं लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम पांडे, हेमा जोशी, रोहित बिष्ट, मुकेश महराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *