Advertisement

ऋषिकेश में अतिक्रमण पर सख्ती, सड़क पर सामान रखने वालों पर होगी कार्रवाई


ऋषिकेश, 30 जून। नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था को लेकर मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग, व्यापार मंडल तथा ऑटो, विक्रम एवं अन्य परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और फुटपाथों पर हो रहे स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण के कारण उत्पन्न जाम की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कोई भी दुकानदार सड़क या सार्वजनिक स्थान पर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं करेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित किया जाएगा और उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह भी निर्णय लिया गया कि यात्रा बस अड्डे पर बाहरी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाई जाएगी। रेहड़ी-ठेली संचालकों के लिए भी समय-सीमा निर्धारित करते हुए उन्हें सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक ही निर्धारित स्थानों पर व्यवसाय करने की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद सभी ठेलियों को मुख्य मार्गों से हटाकर अपने घर ले जाना होगा।
महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जाममुक्त बनाने के लिए नगर निगम, प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाएंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों, वाहन संचालकों और रेहड़ी-ठेली व्यवसायियों से नियमों का पालन करने तथा नगर हित में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त, उपजिलाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, परिवहन विभाग के अधिकारी, स्थानीय कोतवाली प्रभारी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं सचिव सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *