Advertisement

चोरी की बाइक समेत दो वाहन चोर दबोचे, दूसरी वारदात की फिराक में थे आरोपी


ऋषिकेश 10 जुलाई ।कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दूसरी बाइक चोरी करने की योजना बना रहे थे, तभी चेकिंग के दौरान उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार काले की ढाल निवासी उपासना पत्नी प्रदीप कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UK14F-3429 चोरी होने की शिकायत कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने चोरी की बाइक की तलाश शुरू की। इसी दौरान 9 जुलाई की रात चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक गोल चक्कर से लेबर कॉलोनी तिराहे की ओर एक मोटरसाइकिल के साथ जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप रावत (25 वर्ष) निवासी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल तथा वर्तमान में गाजीवाली, हरिद्वार और विशाल पाल (27 वर्ष) निवासी गाजीवाली, श्यामपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि करीब दो सप्ताह पूर्व उन्होंने काले की ढाल क्षेत्र से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे एक अन्य वाहन चोरी करने की फिराक में ऋषिकेश क्षेत्र में घूम रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऋषिकेश पुलिस का अभियान लगातार जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *