Advertisement

हरेला सप्ताह में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, रेल वाटिका में हुआ वृहद वृक्षारोपण


ऋषिकेश, 16 जुलाई। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, आदर्श नगर, ऋषिकेश में हरेला सप्ताह का शुभारंभ उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। सप्ताह के प्रथम दिवस विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा प्रथम से अष्टम तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और वृक्षों के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
हरेला सप्ताह के द्वितीय दिवस विद्यालय परिवार द्वारा पुराना रेलवे स्टेशन स्थित रेल वाटिका में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा सभी को वृक्षों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प दिलाया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गुरु प्रसाद उनियाल ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और स्वच्छ पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने घरों एवं आसपास कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
स्टेशन मास्टर श्री मनोज तोमर ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेड़-पौधे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिवर्ष एक वृक्ष लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. दीपक तायल, विद्यालय समिति सदस्य श्री गोपाल कृष्ण नारंग, सह प्रदेश निरीक्षक शिशु शिक्षा समिति उत्तराखंड श्री विनोद रावत, संगठन मंत्री विद्या भारती उत्तराखंड श्री सुनील तिवारी, स्टेशन मास्टर श्री रवि, आईटीआर क्लर्क श्री प्रदीप सैनी, सह-कोषाध्यक्ष श्री अतुल जैन सहित विद्यालय के आचार्यगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। हरेला सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस पहल को उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास बताया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *