Advertisement

स्कूटी और कार से अवैध शराब का  जखीरा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार


ऋषिकेश, 27 जुलाई। ऋषिकेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी और कार से अवैध शराब की खेप बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा 720 टेट्रा पैक (16 पेटी) देशी माल्टा शराब बरामद की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा 26/27 जुलाई की रात चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान जंगलात बैरियर और साई मंदिर आईडीपीएल क्षेत्र में कार्रवाई की गई। जंगलात बैरियर पर पुलिस ने अनुज रावत निवासी छिद्दरवाला (हाल निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश) को स्कूटी संख्या UK07BG-3229 पर 52 पव्वे इंपीरियल ब्लू व्हिस्की ले जाते हुए गिरफ्तार किया।
वहीं साई मंदिर आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस ने कार संख्या UK07BD-4238 से संजय कुमार निवासी रानीपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा सपना निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, ऋषिकेश को 720 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अनुज ने बताया कि वह शराब रायवाला स्थित ठेके से लाया था, जबकि संजय और सपना ने बताया कि वे भगवानपुर (हरिद्वार) स्थित देशी शराब के ठेके से शराब लेकर आए थे।
पुलिस ने दोनों वाहनों को भी कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *