ऋषिकेश/मुनिकीरेती 28 जुलाई । श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंध पूरे कर लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने ओंकारानंद सरस्वती निलायम स्कूल, कैलाश गेट में मेला ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए सेवा, सतर्कता, दृढ़ता और शालीनता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल सुरक्षा व्यवस्था का नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और जनविश्वास का महापर्व है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी एवं अन्य सुरक्षा बलों के 550 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। मुनिकीरेती, नरेंद्रनगर, चंबा, छाम, देवप्रयाग और कीर्तिनगर थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पार्किंग स्थल, 5 खोया-पाया केंद्र, शिवानंद गेट पर विशेष पूछताछ केंद्र तथा 7 मोबाइल पुलिस पार्टियां सक्रिय रहेंगी। वहीं पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 68 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), साइबर कमांडो और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी तैनात रहेगी।
गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, जल पुलिस और पुलिस की रेस्क्यू टीमें घाटों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा होटलों, धर्मशालाओं, ढाबों और किरायेदारों का सत्यापन अभियान, ऑपरेशन क्लीन तथा फायर सेफ्टी ऑडिट भी लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि टिहरी पुलिस का लक्ष्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर सेवा का अनुभव कराना है, ताकि वह उत्तराखंड और टिहरी पुलिस की सकारात्मक छवि अपने साथ लेकर लौटे।
कांवड़ मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार, 550 से अधिक जवान रहेंगे तैनात नई तकनीक, ड्रोन और 68 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पार्किंग और 5 खोया-पाया केंद्र बनाए गए













Leave a Reply