ऋषिकेश 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऋषिकेश के विभिन्न आश्रमों में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ गुरु पूजन एवं सत्संग कार्यक्रम आयोजित किए गए। भगवान गिरी आश्रम, सहित शंकराचार्य समाधि संस्थान, जनार्दन आश्रम दण्डी बाड़ा, मायाकुंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भगवान गिरी आश्रम में देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर आश्रम के पीठाधीश्वर भूपेंद्र गिरी महाराज ने कहा कि गुरु जीवन को सही दिशा देने वाले प्रकाश स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के ज्ञान, अनुशासन और संस्कारों को अपनाकर ही जीवन सफल और सार्थक बनता है। समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु पूजन, भजन-कीर्तन, सत्संग और प्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं शंकराचार्य समाधि संस्थान, जनार्दन आश्रम दण्डी बाड़ा, मायाकुंड में भी गुरु पूर्णिमा पर्व धूमधाम से मनाया गया। स्वामी केशव स्वरूप ब्रह्मचारी के मार्गदर्शन में गणेशादि पंचांग पूजन, गुरु पादुका पूजन तथा ब्रह्मलीन शंकराचार्य पूज्य गुरुदेव ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी माधवाश्रम जी महाराज की समाधि का पूजन संत-महात्माओं की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर स्वामी केशव स्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि सनातन धर्म में गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व है। काशी से पधारे दंडी स्वामी अनिरुद्धानन्द महाराज ने व्यास पूर्णिमा के महत्व और मानव जीवन में गुरु की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही ज्ञान, संस्कार और आत्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, नगर निगम महापौर शंभू पासवान, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, पूर्व महापौर अनीता ममगाई, माधवी गुप्ता, समाजसेवी लक्ष्मण सिंह चौहान, संजय शास्त्री, शैलेंद्र मिश्रा, एल.पी. पुरोहित, डॉ. जनार्दन कैरवान, जितेंद्र भट्ट, गंगाराम व्यास, भगवती भट्ट, शंकरमणि भट्ट, मुकेश थपलियाल सहित अनेक संत-महात्मा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आश्रमों में दिनभर भक्ति, आध्यात्मिक साधना और गुरु वंदना का वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।













Leave a Reply