Advertisement

ऋषिकेश में अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग की शिकायत, व्यापारियों ने पुलिस से की कठोर कार्रवाई की मांग


ऋषिकेश, 31 जुलाई। ऋषिकेश क्षेत्र के स्थानीय लोगों और व्यापारी वर्ग ने कोतवाली ऋषिकेश पहुंचकर क्षेत्र में कथित रूप से अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग, धमकी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त कुछ व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति और उसके सहयोगी स्वयं को प्रभावशाली बताकर व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों पर अनावश्यक दबाव बनाते हैं तथा ब्लैकमेलिंग के जरिए भय का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन गतिविधियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है और व्यापारी वर्ग व आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रार्थना पत्र मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए शिकायत की निष्पक्ष और गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के साथ ही संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली, धमकी या अन्य किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *