Advertisement

टनल हादसा: दो लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू अभियान तेज, मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश   युद्धस्तर पर जुटीं प्रशासन की टीमें,  टनल से अब तक 12 श्रमिक सकुशल निकाले गए, 8 की


ऋषिकेश 16 अगस्त। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी  गौरव कुमार स्वयं मौके पर चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने रेस्क्यू में जुटी सभी टीमों से समन्वय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

लापता दोनों लोगों की तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी का स्तर कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। इसका उद्देश्य रेस्क्यू टीमों के लिए टनल के अंदर आगे बढ़ने और प्रभावित हिस्सों में गहन खोजबीन का रास्ता सुगम बनाना है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर फंसी मशीनों एवं भारी अवरोधों को हटाने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी संसाधनों की मदद से मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है, ताकि रेस्क्यू टीमों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता साफ किया जा सके। मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाते हुए संभावित सभी स्थानों पर बारीकी से तलाशी ली जा रही है।

रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर प्रत्येक संभावित स्थान को चिन्हित कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और उन सभी हिस्सों की गहन जांच की जा रही है, जहां लापता लोगों के होने की संभावना है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में हादसे के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *