Advertisement

महिला के पर्स से 16.50 लाख के जेवर और नकदी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद


ऋषिकेश, 19 अगस्त। ऋषिकेश थाना क्षेत्रअतर्गत महिला के पर्स से करीब 16.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने की घटना का पुलिस द्वारा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी चोरी का सामान लेकर बिहार भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास दबोच लिया गया।

ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मंशा देवी, गुमानीवाला निवासी सुमन राणा 18 अगस्त को अपनी पुत्री की शादी के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से कुछ सोने के आभूषण लेकर आई थीं। साथ ही उन्होंने पंवार ज्वैलर्स से तीन सोने की चेन में टांके भी लगवाए थे। इसके बाद तीन सोने की चेन, सोने का नेकलेस, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, चांदी का ब्रेसलेट और 64 हजार रुपये नकद भूरे रंग के पर्स में रखकर उसे बड़े काले रंग के पर्स के अंदर रख दिया।

महिला भरत विहार गेट के पास केले की ठेली पर केले लेने के लिए रुकीं और ठेली संचालक राजकुमार को 50 रुपये का भुगतान गूगल-पे से किया। घर पहुंचने पर उन्हें बड़े काले पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स गायब मिला। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी थी। महिला ने केले की ठेली संचालक पर चोरी का शक जताया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी राजकुमार पुत्र स्व. शिव शाह, निवासी सिसवा सरियामन, थाना बैरिया, जनपद बेतिया, बिहार, उम्र करीब 35 वर्ष
के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित की गई।

19 अगस्त को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राजकुमार योगनगरी रेलवे स्टेशन की ओर गया है और बिहार भागने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके द्वारा महिला को बातचीत में उलझाकर उसके बड़े पर्स के अंदर रखा भूरे रंग का पर्स को चोरी कर लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह चोरी का सामान लेकर बिहार भागने की फिराक में था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास लाल रंग के कपड़े में लिपटा सामान बरामद हुआ। उसे खोलने पर भूरे रंग का पर्स मिला, जिसके अंदर चोरी किए गए तीन सोने की चेन
एक सोने का नेकलेस,दो जोड़ी सोने के कान के टॉप्स,एक जोड़ी सोने की झुमकी,
एक चांदी का ब्रेसलेट,63 हजार रुपये नकद, बैंक ऑफ बड़ौदा की तीन जमा पर्चियां बरामद हुये।
पुलिस द्वारा मौके पर वादिनी महिला को बुलाकर सामान की पहचान कराई गई, जिसे उन्होंने अपना चोरी हुआ सामान बताया।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी राजकुमार गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *