Advertisement

ऋषिकेश में 400 निर्माण श्रमिकों को मिली कल्याणकारी योजनाओं की सौगात, विशेष श्रमिक कल्याण शिविर में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और स्वच्छता सामग्री वितरित


ऋषिकेश, 27 अगस्त। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) एवं श्रम विभाग की ओर से गुरुवार को हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में विशेष श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ऋषिकेश क्षेत्र के करीब 400 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल तथा नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत आवश्यक सामग्री वितरित की।
शिविर में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषण सामग्री योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को लाभान्वित किया गया। योजनाओं का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं स्वच्छता के क्षेत्र में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार करना है।

इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि निर्माण श्रमिक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण एवं पात्रता के आधार पर अधिक से अधिक श्रमिक परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

महापौर शंभू पासवान ने कहा कि श्रमिक समाज के निर्माण और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में आयोजित ऐसे शिविर सराहनीय हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचता है।

शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिक एवं उनके परिजन मौजूद रहे। संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ सामग्री वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। लाभ प्राप्त करने वाले श्रमिकों ने सरकार और विभाग का आभार जताते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं श्रमिक परिवारों के लिए काफी उपयोगी और राहतकारी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *