ऋषिकेश, 17 सितंबर। विश्वकर्मा पूजन दिवस एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को त्रिवेणी घाट में 1008 कुंडीय महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। त्रिपुरा धाम मणिकूट पर्वत के तत्वावधान और यज्ञ सम्राट 1008 हरिओम महाराज के सानिध्य में आयोजित महायज्ञ में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
महायज्ञ में राज्य मंत्री चारु माथुर कोठारी, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान ने विधिवत पूजा-अर्चना कर यज्ञ में पूर्णाहुति दी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने विभिन्न यज्ञकुंडों में आहुतियां अर्पित कीं।
इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर देश की प्रगति, निर्माण, श्रम एवं तकनीकी क्षेत्र में उन्नति और जनकल्याण की कामना की गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
इस मोौके पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि विश्वकर्मा पूजन दिवस निर्माण, श्रम, कौशल और सृजन की भारतीय परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित महायज्ञ राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रार्थना का अवसर है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं।
महायज्ञ में उपस्थित संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने देश की एकता, अखंडता, शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण के लिए सामूहिक रूप से आहुतियां समर्पित कीं। यज्ञ के दौरान त्रिवेणी घाट का वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।













Leave a Reply