ऋषिकेश 20 सितंबर। मायाकुंड स्थित जनार्दन आश्रम दंडी बाड़ा में शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान के तत्वावधान में सप्त दिवसीय अतिरुद्र महायज्ञ स्वाहाकार का रविवार को वैदिक विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ।
विश्व शांति, लोक कल्याण, सामाजिक सुख-समृद्धि, जनमानस के अभ्युदय तथा महापुरुषों की दिव्य स्मृतियों को समर्पित यह महायज्ञ चातुर्मास व्रत के समापन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
प्रातःकाल सर्वप्रथम यज्ञ में शामिल सभी ऋत्विज ब्राह्मणों एवं यजमानों का प्रायश्चित कर्म कराया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार और वेद ध्वनियों के बीच मंडप प्रवेश की विधि संपन्न हुई। मंडप में सर्वप्रथम विघ्न विनाशक भगवान गणपति का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद अतिरुद्र महायज्ञ स्वाहाकार का विधिवत शुभारंभ हुआ।
महायज्ञ में 81 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा निर्धारित अग्निकुंडों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां प्रदान की गईं।
यज्ञ स्थल पर गूंज रहे वेद मंत्रों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो उठा। यज्ञ का आयोजन पूज्य दंडी स्वामी अनिरुद्धानंद जी के पावन सानिध्य तथा शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम समाधि संस्थान के प्रबंधक केशव स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज के संयोजकत्व में किया जा रहा है।
इस अवसर पर ब्रह्मचारी केशव स्वरूप महाराज ने कहा कि अतिरुद्र जैसे महायज्ञ अत्यंत दुर्लभ होते हैं और भगवान एवं सद्गुरुदेव की सद्प्रेरणा से ही इस प्रकार के आयोजन संभव होते हैं।
उन्होंने कहा कि यज्ञ का उद्देश्य केवल मानव कल्याण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे समस्त जीव-जगत के कल्याण की भावना जुड़ी है। पशु-पक्षी, कीट-पतंग सहित प्रत्येक प्राणी यज्ञ के पुण्यफल में सहभागी बनता है। उन्होंने कहा कि यज्ञ से वातावरण और प्रकृति की शुद्धि भी होती है तथा शास्त्रों में यज्ञ की महत्ता अनंत बताई गई है।
महायज्ञ में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, पार्षद रीना शर्मा, माधवी गुप्ता, आचार्य अजय गौड़, स्वामी अनंतानंद जी महाराज, आश्रम ट्रस्टी शैलेंद्र मिश्रा, एलपी पुरोहित, डॉ. राजेश नैथानी, दंडी स्वामी निर्मलानंद तीर्थ, प्रसिद्ध उद्योगपति गगन गोयल, पानीपत के उद्योगपति मुकेश शर्मा, चंडीगढ़ के लखन पाल, राजीव थपलियाल, देवेंद्र रोथाण, यज्ञ के प्रमुख आचार्य सुधीर कुमार नंद, आचार्य राकेश बहुगुणा, डॉ. जनार्दन प्रसाद कैरवान, जितेंद्र भट्ट, गंगाराम व्यास, शिवप्रसाद सेमवाल, मुकेश थपलियाल, नरेंद्र सकलानी, सूरज बिजल्वाण, आयुष गौड़, सुरेश पंत, विवेकानंद मैठानी सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













Leave a Reply