Advertisement

नाबालिगों से जुड़े दो मामलों में पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार


ऋषिकेश 21 सितंबर।  नाबालिगों से संबंधित दो अलग-अलग गंभीर मामलों में ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को शांतिनगर, ऋषिकेश निवासी एक युवती ने ऋषिकेश पुलिस थाने में तहरीर  देकर आरोप लगाया था कि नाबालिग होने के दौरान उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में  पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में नामजद आरोपी गोलू मद्धेशिया उर्फ सत्यम मद्धेशिया (25) पुत्र नंदकिशोर मद्धेशिया, निवासी आजाद नगर, थाना बरहज, जनपद देवरिया, उत्तर प्रदेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम देवरिया पहुंची। संभावित ठिकानों पर दबिश और लगातार तलाश के दौरान आरोपी अपने घर की छत पर छिपा मिला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे 20 सितंबर को शाम 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, 19 सितंबर 2026 को कृष्णा नगर कॉलोनी, आईडीपीएल, वीरभद्र निवासी महिला ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने और उसके साथ यौन संबंध बनाए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इस मामले में भी पुलिस ने  पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
इस मामले में नामजद आरोपी सुमित दास (28) पुत्र जनमदास, निवासी ग्राम ओखला चांठी, लंबगांव, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी धर्मपुर, देहरादून की तलाश में पुलिस टीम जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आईडीपीएल गोल चक्कर के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से 20 सितंबर को रात 8:25 बजे गिरफ्तार कर लिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *