Advertisement

17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में अभियुक्त गिरफ्तार,


ऋषिकेश, 28 सितंबर। घर से बाजार जाने के लिए निकली 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए अभियुक्त कृष्णा वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में पॉक्सो अधिनियम की धारा की बढ़ोतरी की है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को ऋषिकेश निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री दोपहर करीब 2:30 बजे ऋषिकेश बाजार जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश  ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने किशोरी की तलाश के साथ ही मामले में सामने आए संदिग्ध की तलाश और सुरागरसी शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को 27 सितंबर को सूचना मिली कि मामले में नामजद अभियुक्त कृष्णा आईडीपीएल कॉलोनी क्षेत्र स्थित अपनी बुआ के घर आया हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कृष्णा वर्मा को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर अभियुक्त कृष्णा वर्मा को 27 सितंबर को शाम 3:50 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *