Advertisement

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, तहसील की ओर किया कूच, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन


ऋषिकेश, 28 सितंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कथित चुनावी अनियमितताओं, मतदाता सूचियों में बदलाव और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में सोमवार को परवादून जिला कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जयश्री फार्म, देहरादून रोड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए ऋषिकेश तहसील की ओर मार्च किया। तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील के बाहर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में ऋषिकेश महानगर कांग्रेस, डोईवाला नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस, श्यामपुर और रायवाला ब्लॉक कांग्रेस समेत विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़”, “वोट हमारा—हक हमारा” और “वोट बचाओ—लोकतंत्र बचाओ” जैसे नारे लगाए।

परवादून जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर कांग्रेस कमेटी ऋषिकेश अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के मत में निहित है। मतदाता सूची अथवा मताधिकार को लेकर किसी भी मतदाता के मन में आशंका है तो निर्वाचन व्यवस्था को उसका समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाएंगे और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जवाब मांगते रहेंगे।
ललित मोहन मिश्र ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की ओर से एसआईआर के माध्यम से मतदाता अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।

प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला और प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में वोट जनता का सबसे बड़ा अधिकार है। मतदाता सूची अथवा चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने पर निर्वाचन व्यवस्था को पारदर्शी तरीके से स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और आवश्यक सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास लोकतंत्र की बुनियाद है और कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में महंत विनय सारस्वत, शूरवीर सिंह सजवाण, राजपाल खरोला, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, भगवान सिंह पंवार, वीरपाल सिंह, सरोजिनी थपलियाल, सच्वीर भंडारी, विजयपाल रावत, विजयपाल पंवार, संजय भारद्वाज, मधु जोशी, पुष्पा मिश्रा, उर्मिला यादव, दीप शर्मा, राकेश सिंह मीणा, राकेश अग्रवाल, मनोज गोसाई, प्रवीण गुप्ता, अभिषेक शर्मा, ऋषि सिंघल, बृजभूषण बहुगुणा, प्रदीप जैन, सूरज भट्ट, मुकुल रमोला, गजेंद्र विक्रम शाही, जगजीत सिंह, जयपाल सिंह, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, सागर मनवाल, परवादून कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष जीतेंद्र कुमार, डोईवाला कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी, संदीप थापा, नंदन नेगी, राहुल सैनी, रेखा कांडपाल, सती, अफसाना अंसारी, स्वतंत्र बिष्ट, तेजपाल सिंह मोंटी, शार्दूल नेगी, कमलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *