सड़क खुदाई से पहले लोगों को सूचना देना अनिवार्य, सीवर लाइन कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं, सुरक्षा और जनसुविधा का रखें विशेष ध्यान: शंभू पासवान,


ऋषिकेश, 6 अक्टूबर। नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने मंगलवार को क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट कहा कि सीवर लाइन का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क खुदाई के दौरान आमजन को होने वाली असुविधा का संज्ञान लेते हुए महापौर ने निर्देश दिया कि किसी भी स्थान पर सड़क की खुदाई शुरू करने से पहले स्थानीय नागरिकों को अनिवार्य रूप से सूचना दी जाए। निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने के साथ ही यातायात और पैदल आवागमन को सुचारू रखने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाए।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए किए जा रहे हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *