सुभाष बनखंडी में 66वीं श्री रामलीला का भव्य शुभारंभ गणेश वंदना के साथ रावण-वेदवती संवाद और कैलाश लीला का हुआ मंचन


ऋषिकेश, 7 अक्टूबर। धर्मनगरी ऋषिकेश के सुभाष बनखंडी स्थित रामलीला प्रांगण में बुधवार को सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी की ओर से श्री रामचरितमानस की 66वीं रामलीला के मंचन का विधिवत शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और तीर्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष राम विशाल दास महाराज ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और मर्यादा का जीवंत संदेश देने वाला आयोजन है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, कर्तव्य, सेवा और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सुभाष बनखंडी रामलीला कमेटी द्वारा 66 वर्षों से रामलीला की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाना सराहनीय है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

तीर्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष राम विशाल दास महाराज ने कहा कि श्रीराम का चरित्र मानव जीवन के लिए आदर्श है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का कार्य किया जाता है। आज के समय में रामचरितमानस के संदेश और अधिक प्रासंगिक हैं। रामलीला के मंचन से बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर, शॉल ओढ़ाकर और पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इससे पूर्व रामलीला मंच पर कमेटी के पदाधिकारियों एवं कलाकारों ने विधिवत रंगमंच पूजन किया।

रामलीला के प्रथम दिन मंचन की शुरुआत नटराज ग्रुप द्वारा गणेश वंदना से हुई। इसके बाद रावण-वेदवती संवाद तथा कैलाश लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी रामलीला प्रांगण पहुंचे।

कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में श्रीराम के जीवन चरित्र से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। रामलीला को लेकर स्थानीय कलाकारों में भी खासा उत्साह है। आयोजन को लेकर रामलीला प्रांगण में दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *