अनुषिका बनीं ‘मिस ऋषिकेश 2026’, लायंस दीपावली मेले में प्रतिभाओं ने बिखेरे जलवे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया मेले का शुभारंभ, ऑटो एक्सपो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र


ऋषिकेश, 26 अक्टूबर। लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल की ओर से हरिद्वार रोड स्थित पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित लायंस दीपावली मेला-2026 में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं की धूम रही। मेले का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने  दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शंभू पासवान सहित कई गणमान्य अतिथि इस अवसर पर मौजूद रहे। मेले का मुख्य आकर्षण ‘मिस ऋषिकेश-2026’ प्रतियोगिता रही, जिसमें अनुषिका ने खिताब अपने नाम किया।
दीपावली के उल्लास, सांस्कृतिक रंगों और सामाजिक सेवा के उद्देश्य से आयोजित मेले में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ जरूरतमंद एवं गरीब विद्यार्थियों की सहायता का संदेश दिया गया।

‘मिस ऋषिकेश-2026’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद अनुषिका को विजेता घोषित किया गया। प्रगति ने प्रथम रनर-अप और हनी राणा ने द्वितीय रनर-अप का स्थान हासिल किया। वहीं, जूनियर और सीनियर डांस प्रतियोगिताओं में बच्चों एवं युवाओं ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
जूनियर डांस प्रतियोगिता में नाइशा जैन ने प्रथम, आरोही ने द्वितीय और दिशी राजपूत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर डांस प्रतियोगिता में नोविका पाल प्रथम, ऋषभ द्वितीय और अक्षत जोशी तृतीय स्थान पर रहे। ग्रुप डांस में एसपीपीएस डांस ग्रुप, वन डायरेक्शन गर्ल्स और एसबीएम स्कूल डांस ग्रुप ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसमें अवंत सिंह ने प्रथम, मोहित मरचवान ने द्वितीय और श्रेया रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और आकर्षक डिजाइनों से लोगों का ध्यान खींचा।

मेले में आयोजित ऑटो एक्सपो में विभिन्न वाहन कंपनियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही खानपान के स्टॉल, बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक पुरस्कार और लकी ड्रॉ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में पहुंचे लोगों ने विभिन्न गतिविधियों का आनंद लेने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

क्लब अध्यक्ष लायन ऋषभ जैन ने अतिथियों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों, सहयोगियों और क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता पूरी टीम की एकजुटता, समर्पण और मेहनत पर निर्भर करती है। क्लब के सदस्यों ने आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
क्लब सचिव लायन सागर ग्रोवर और कोषाध्यक्ष लायन अतुल सिंघल ने बताया कि मेले का उद्देश्य समाजसेवा को बढ़ावा देना, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना और ऋषिकेश की स्थानीय प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करना है।
मेला चेयरमैन लायन अभिनव गोयल, लायन पंकज चंदानी और लायन सुमित चोपड़ा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्लब सदस्यों, प्रायोजकों, ऑटो एक्सपो में शामिल प्रतिष्ठानों, अतिथियों, प्रतिभागियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी समाजसेवा और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।मेले ने शहर में सांस्कृतिक उत्सव, सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश दिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *