मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने मथुरा प्रवास के दौरान मंदिरों के दर्शन कर संतों से लिया आशीर्वाद


देहरादून/ मथुरा 30 दिसंबर। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने अपने मथुरा प्रवास के दौरान आज प्रसिद्ध गोवर्धन मंदिर में दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ा स्थली के रूप में गोवर्धन धाम की अपनी विशिष्ट पहचान है। देश के करोड़ों लोगों की आस्था का भी यह केंद्र है। उन्होंने कहा कि पूरी ब्रज भूमि ही सनातन भक्ति की पहचान का क्षेत्र है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साध्वी ऋतंभरा द्वारा स्थापित व परमशक्ति पीठ द्वारा संचालित वात्सल्य ग्राम अनाथालय का भी भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृंदावन शहर के समीप आज वात्सल्य ग्राम के नाम से यह स्थान अपनी प्रसिद्धि प्राप्त कर चुका है। मुख्यमंत्री ने साध्वी ऋतंभरा द्वारा अनाथालय में बच्चों व बुजुर्गों को परिवार की परंपरा से जोड़ने तथा बालक-बालिकाओं को संस्कारवान बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मथुरा में साध्वी ऋतंभरा के षष्ठिपूर्ति महोत्सव में प्रतिभाग कर उन्हें सुदीर्घ जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि साध्वी ऋतंभरा का व्यक्तित्व अद्भुत और कृतित्व अकल्पनीय है, उनके मुखारबिंदु से श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के समय प्रखर उद्बोधन सुनकर वे स्वयं बहुत प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का सौंदर्यीकरण तथा हेमकुन्ट साहिब के लिए रोपवे के निर्माण से हम मंदिरों का ही नहीं बल्कि हमारी संस्कृति का भी संरक्षण और संवर्धन कर रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मथुरा भ्रमण के दौरान आज मथुरा के प्राचीन बगलामुखी पीतांबरा मंदिर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने माँ बगलामुखी से प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *