ऋषिकेश, 20 फरवरी । थाना लक्ष्मण झूला ,पशुलोक बैराज क्षेत्र के गंगा नदी में एक अज्ञात शव दिखाई देने की सूचना पर प्रशासन और राहत दल के आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच कर गंगा से शव को बरामद किया गया।
एसडीआरएफ प्रभारी कविंद्र सजवान ने बताया कि पूर्व में गंगा नदी में डूबे व्यक्तियों की तलाश में एसडीआरएफ टीम ढालवाला द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। टीम द्वारा देवप्रयाग से लेकर ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज तक संभावित स्थलों पर आधुनिक उपकरणों और रेस्क्यू तकनीकों की सहायता से निरंतर खोजबीन की जा रही थी।
शुक्रवार को प्राप्त सूचना पर एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पशुलोक बैराज पहुंचकर गंगा नदी से एक अज्ञात शव को बाहर निकाला। प्रथम दृष्टया शव की आयु लगभग 45 से 50 वर्ष के मध्य आंकी जा रही है। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।पुलिस द्वारा शव की स्थिति को देखते हुए आवश्यक पंचनामा की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा शव की शिनाख्त के लिए संबंधित सभी थानों को सूचित कर दिया गया है। साथ ही, पूर्व में नदी में डूबे व्यक्तियों के परिजनों को भी पहचान के लिए बुलाया गया है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि गंगा नदी के तट पर विशेष सतर्कता बरतें और चेतावनी संकेतों का पालन करें।
साथ ही शव को आवश्यक वैधानिक कर्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है।














Leave a Reply