एम्स ऋषिकेश की छत पर चढ़ा रोगी, नीचे कूदने की करी कोशिश सुरक्षा कर्मियों की सूझबूझ से टली बड़ी घटना


ऋषिकेश 25 मार्च। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक मनोरोगी व्यक्ति अस्पताल की छठी मंजिल की छत पर चढ़ गया और नीचे कूदने की कोशिश करने लगा। इस घटना को देखकर वहां मौजूद मरीजों, तीमारदारों और सुरक्षा कर्मियों की सांसें थम गईं। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ी घटना टल गई।

बताया जा रहा है कि घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। छत पर चढ़े व्यक्ति को देखकर नीचे खड़े सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए उससे बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे लगातार बातों में उलझाए रखा ताकि वह कोई गलत कदम न उठा सके।

इसी दौरान एक अन्य मरीज का तीमारदार बिना किसी आहट के छत पर पहुंच गया और मौके का फायदा उठाते हुए उस व्यक्ति को पीछे से पकड़कर सुरक्षित स्थान पर खींच लिया। इसके बाद दो सुरक्षा कर्मी भी तुरंत वहां पहुंच गए और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया।

घटना के दौरान वहां मौजूद कई मरीज, उनके परिजन और अस्पताल के चिकित्साकर्मी भी इस पूरे घटनाक्रम के गवाह बने। बाद में सुरक्षा कर्मियों ने उस व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, जिसे उसका एक रिश्तेदार इलाज के लिए एम्स लेकर आया था। बताया गया कि जब उसका रिश्तेदार ओपीडी का पर्चा बनवाने गया हुआ था, तभी वह शौच जाने का बहाना बनाकर अस्पताल की छत पर चढ़ गया।

घटना के बाद एम्स के सुरक्षा अधिकारी उस व्यक्ति से पूछताछ कर रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *