ऋषिकेश 26 मई। स्पर्श गंगा अभियान के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर, कोटी अठुरवाला में महिला सशक्तिकरण एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, स्पर्श गंगा अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका अभिनेत्री आरुषि पोखरियाल निशंक तथा डोईवाला पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।
समारोह का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें आत्मनिर्भरता, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 150 से अधिक महिला पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण राष्ट्र निर्माण की बुनियाद है। शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं परिवार, समाज और देश को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने महिलाओं को समान अवसर और नेतृत्व देने को राष्ट्रीय दायित्व बताया तथा स्पर्श गंगा अभियान को सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम कहा।
स्पर्श गंगा की राष्ट्रीय सयोंजिका आरुषि निशंक ने कहा कि स्पर्श गंगा अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि स्वच्छता, संस्कार और महिला सम्मान से जुड़ा एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने महिला पर्यावरण मित्रों को समाज में सकारात्मक बदलाव की अग्रदूत बताया।
पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति मातृशक्ति में निहित है। नारी के सशक्त होने से ही समाज में संतुलन, संवेदनशीलता और संस्कार सुदृढ़ होते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, रविन्द्र बेलवाल, ममता नयाल, पंकज चौधरी, सभासद सुंदर लोधी, सभासद सुरेश सैनी, जगत सिंह असवाल, सुरेंद्र सिंह नेगी, विनीता पेन्यूली, प्रीति थपलियाल, रीता नेगी, आशा खाती, स्वरूप सिंह नयाल, बेताल सिंह नेगी, किरन रावत, रजनी मिश्रा, सतेश्वरी राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।













Leave a Reply