Advertisement

अष्टदिवसीय प्रांतीय शिशु वाटिका प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, 100 से अधिक प्रशिक्षार्थी ले रहीं प्रशिक्षण


ऋषिकेश 26 मई। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित अष्टदिवसीय प्रांतीय शिशु वाटिका प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ जातीराम अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, आदर्श नगर, ऋषिकेश में किया गया। यह प्रशिक्षण वर्ग 25 मई 2026 से 2 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से आई 100 से अधिक प्रशिक्षार्थी सहभागिता कर रही हैं।
प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री भारतीय शिक्षा समिति श्री डोमेश्वर शाहू, प्रदेश निरीक्षक विद्या भारती डॉ. विजयपाल सिंह, प्रांतीय परीक्षा प्रमुख श्री मुरलीधर चंदोला, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गुरु प्रसाद उनियाल तथा प्रांतीय शिशु वाटिका प्रमुख श्रीमती पूनम अनेजा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में श्री डोमेश्वर शाहू ने कहा कि शिक्षा को भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से परिचित कराकर ही नई पीढ़ी को संस्कारित एवं राष्ट्रनिष्ठ बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस में प्रांतीय परीक्षा प्रमुख श्री मुरलीधर चंदोला ने प्रशिक्षार्थियों को पंचकोशीय विकास की अवधारणा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बालकों का शारीरिक, प्राणिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आत्मिक विकास समान रूप से होना आवश्यक है, जिससे वे जीवन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें। उन्होंने विभिन्न प्रयोगों एवं रोचक खेल गतिविधियों के माध्यम से पंचकोशीय विकास के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।
प्रशिक्षण वर्ग में शिशु शिक्षा की नवीन शिक्षण पद्धतियों, संस्कार आधारित शिक्षा, बाल मनोविज्ञान तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण का उद्देश्य शिशु वाटिका शिक्षिकाओं को आधुनिक एवं संस्कारयुक्त शिक्षण पद्धतियों से दक्ष बनाना है, ताकि बालकों के सर्वांगीण विकास को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय परिवार एवं विद्या भारती के कार्यकर्ता सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग आगामी 2 जून तक विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक सत्रों के साथ जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *